Deewana Box Office Collection

Deewana Box Office Collection: शाहरुख खान की पहली फिल्म ‘दीवाना’ ने कितनी कमाई की थी? यहां पाएं पूरी जानकारी

Deewana Box Office Collection: हिंदी सिनेमा के इतिहास में साल 1992 कई मायनों में खास माना जाता है. इसी साल रिलीज हुई फिल्म ‘दीवाना’ ने एक ऐसे अभिनेता को बड़े पर्दे पर लॉन्च किया, जो आगे चलकर बॉलीवुड के किंग खान बने, और उनका नाम शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) हैं. टीवी की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके शाहरुख ने 25 जून 1992 को रिलीज हुई फिल्म दीवाना से बॉलीवुड करियर शुरू किया. इस फिल्म में वह भले सेकेंड लीड रोल में थे लेकिन अपने चार्म से सभी का दिल जीत लिया था.

‘दीवाना’ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म थी, जिसमें प्यार, बिछड़ना, धोखा, बदला और इमोशन का शानदार मेल देखने को मिला. फिल्म में ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) और दिव्या भारती (Divya Bharti) लीड रोल में थे और लोगों को फिल्म की कहानी, संगीत और स्टारकास्ट बेहद पसंद आई. यही वजह रही कि यह फिल्म उस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हुई.

फिल्म दीवाना ने कितनी कमाई की थी? (Deewana Box Office Collection)

फिल्म में रोमांस के साथ-साथ फैमिली ड्रामा और एक्शन का भी बेहतरीन संतुलन देखने को मिला, जिसने इसे हर वर्ग के दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना दिया. फिल्म दीवाना रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर छा गई थी. उस दौर में फिल्म का बजट करीब 3 करोड़ रुपए बताया जाता है, जबकि इसने भारत में लगभग 12 करोड़ रुपए का कारोबार किया, वहीं इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 14 करोड़ था।

Deewana Box Office Collection
Deewana Box Office Collection

उस समय के हिसाब से यह बेहद बड़ी सफलता थी. फिल्म साल 1992 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल रही. शानदार कमाई के साथ-साथ इसे दर्शकों और समीक्षकों दोनों का भरपूर प्यार मिला.

किसने बनाई थी फिल्म दीवाना? (Deewana (1992) Director)

फिल्म का निर्देशन राज कंवर ने किया था, जबकि इसे गुड्डू धनोआ और ललित कपूर इसके प्रोड्यूसर्स थे. फिल्म का निर्माण मयंक आर्ट्स बैनर तले हुआ था. फिल्म का संगीत नदीम-श्रवण ने तैयार किया, जबकि गीत समीर ने लिखे. आज भी ‘ऐसी दीवानगी’, ‘सोचेंगे तुम्हें प्यार’, ‘तेरी उम्मीद तेरा इंतजार’ और ‘कोई ना कोई चाहिए’ जैसे गाने 90 के दशक के सुपरहिट गीतों में गिने जाते हैं.

शाहरुख खान का क्या था रोल? (Shah Rukh Khan in Deewana)

फिल्म दीवाना में शाहरुख खान ने राजा साहाय का किरदार निभाया था. दिलचस्प बात यह है कि वह फिल्म के शुरुआत से नहीं, बल्कि इंटरवल के बाद कहानी में एंट्री करते हैं. राजा एक खुशमिजाज और दिल से प्यार करने वाला युवक होता है, जिसे काजल (दिव्या भारती) से प्यार हो जाता है.

जब उसे काजल के अतीत का पता चलता है, तब भी वह उसका साथ नहीं छोड़ता. शाहरुख ने इस किरदार में रोमांस, कॉमेडी और इमोशन का ऐसा मिश्रण पेश किया कि दर्शक उनके दीवाने हो गए. हालांकि फिल्म के लीड एक्टर ऋषि कपूर थे, लेकिन शाहरुख ने अपने दमदार अभिनय से पूरी महफिल लूट ली.

फिल्म दीवाना की कहानी क्या थी? (Deewana Story in Hindi)

फिल्म दीवाना की कहानी मशहूर गायक रवि कुमार (ऋषि कपूर) से शुरू होती है जिन्हें काजल (दिव्या भारती) से प्यार हो जाता है. दोनों की शादी कर लेते हैं और उनकी जिंदगी खुशहाल चल रही होती है, लेकिन रवि के लालची चाचा धीरेंद्र प्रताप (अमरीश पुरी) उसकी संपत्ति हथियाने के लिए उसकी हत्या कराने की साजिश रचते हैं. सबको लगता है कि रवि की मौत हो गई है.

इसके बाद काजल की जिंदगी में राजा (शाहरुख खान) आता है. राजा काजल से प्यार करता है और काफी कोशिशों के बाद दोनों शादी कर लेते हैं. लेकिन कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब रवि जिंदा लौट आता है. इसके बाद रिश्तों, भावनाओं और सच्चाई के बीच संघर्ष शुरू होता है. आखिर में सच की जीत होती है और खलनायक को उसके किए की सजा मिलती है.

फिल्म दीवाना को मिले कई पुरस्कार (Deewana Awards List)

फिल्म दीवाना में शानदार अभिनय के लिए शाहरुख खान को फिल्मफेयर बेस्ट मेल डेब्यू अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था और यह शाहरुख का पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड था. यह सम्मान उनके फिल्मी करियर की शानदार शुरुआत का प्रतीक बना.  34 साल बाद भी फिल्म दीवाना सिर्फ इसलिए याद नहीं की जाती कि यह शाहरुख खान की पहली फिल्म थी, बल्कि इसलिए भी कि इसमें दमदार कहानी, शानदार संगीत, बेहतरीन अभिनय और 90 के दशक की क्लासिक रोमांटिक फिल्मों वाला जादू मौजूद था.

दिव्या भारती और ऋषि कपूर की यादगार परफॉर्मेंस के साथ शाहरुख खान की शानदार एंट्री ने इस फिल्म को हिंदी सिनेमा के इतिहास में हमेशा के लिए खास बना दिया. आज भी जब शाहरुख खान के फिल्मी सफर की बात होती है, तो ‘दीवाना’ का नाम सबसे पहले लिया जाता है, क्योंकि यहीं से शुरू हुआ था उस सितारे का सफर, जिसे दुनिया आज ‘किंग खान’ के नाम से जानती है.

यह भी पढ़ें: Amrish Puri Biography in Hindi: एलआईसी एजेंट कैसे बना बॉलीवुड का सबसे बड़ा विलेन? जाने पूरी कहानी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top