2nd Miss Universe India Winner: 1994 में सुष्मिता सेन ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीता था और भारत में ऐसा खिताब पहली बार आया था. इनके बाद लगभग 6 साल लगे जब यही खिताब एक बार फिर भारत वापस आया. भारत से मिस यूनिवर्स का दूसरा खिताब लारा दत्ता ने 2000 में जीता था. पहले सुष्मिता सेन और दूसरी बार लारा दत्ता ने इस तरह भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया था. भारत के लिए वह गर्व का समय था क्योंकि सुष्मिता सेन के जीतने के बाद भारत को इस क्षण का लंबे समय से इंतजार था जो 6 साल बाद पूरा हुआ. तब लारा की उम्र 22 साल थी और आज वो 48 साल की हो गई हैं.
16 अप्रैल 1978 को गाज़ियाबाद में जन्मीं लारा दत्ता के पिता भारतीय वायुसेना में अधिकारी थे, जिसके कारण उनका बचपन अलग-अलग शहरों में बीता. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा बेंगलुरु से पूरी की और बाद में अर्थशास्त्र में स्नातक किया. पढ़ाई के दौरान ही उनका झुकाव मॉडलिंग की तरफ बढ़ा और उन्होंने कई विज्ञापनों में काम करना शुरू कर दिया. इनके बारे में आइए आपको सबकुछ बताते हैं.
कैसे जीता लारा दत्ता ने मिस यूनिवर्स का ताज? (2nd Miss Universe India Winner)
साल 2000 में लारा दत्ता ने मिस इंडिया प्रतियोगिता 2000 में हिस्सा लिया और मिस इंडिया यूनिवर्स का खिताब जीता. इसके बाद उन्होंने मिस यूनिवर्स 2000 में भारत का प्रतिनिधित्व किया. इस प्रतियोगिता में लारा ने अपनी बुद्धिमत्ता, आत्मविश्वास और प्रभावशाली व्यक्तित्व से जजों का दिल जीत लिया. खासकर फाइनल राउंड में पूछे गए सवाल का उनका जवाब बेहद सराहा गया, जिसमें उन्होंने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर अपनी सोच रखी. उनके इसी संतुलित और परिपक्व उत्तर ने उन्हें विजेता बना दिया.
View this post on Instagram
लारा दत्ता की जीत के पीछे उनका कड़ा संघर्ष भी छिपा हुआ था. उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए वर्षों तक मेहनत की, अपने व्यक्तित्व को निखारा और मंच पर आत्मविश्वास के साथ खुद को प्रस्तुत करना सीखा. प्रतियोगिता से पहले उन्होंने अपनी फिटनेस, कम्युनिकेशन स्किल्स और जनरल नॉलेज पर काफी काम किया, जो उनकी सफलता का मुख्य कारण बना.
लारा दत्ता का बॉलीवुड करियर (Lara Dutta Bollywood Movies)
मिस यूनिवर्स बनने के बाद लारा दत्ता ने बॉलीवुड की तरफ बतौर एक्ट्रेस काम शुरू किया. उन्होंने 2003 में फिल्म अंदाज़ से डेब्यू किया, जिसमें उनके साथ अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा नजर आए जो एक सफल फिल्म थी. इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू अवॉर्ड भी मिला.
इसके बाद लारा दत्ता ने कई फिल्मों में काम किया, जैसे मस्ती, नो एंट्री, भागम भाग, हाउसफुल, डॉन 2, बिल्लू, पार्टनर, बर्दाश्त, अजहर, काल जैसी फिल्मों में काम किया है. लारा की आने वाली फिल्म वेलकम टू द जंगल है जो 2027 में रिलीज होगी.
लारा दत्ता के पति और बच्चे (Lara Dutta Fmaily)
लारा दत्ता की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने 2011 में भारतीय टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति से शादी की. दोनों की एक बेटी है, जिसका नाम सायरा भूपति है. शादी के बाद लारा ने फिल्मों से थोड़ी दूरी बना ली और परिवार के साथ समय बिताने पर ध्यान दिया. हालांकि, उन्होंने समय-समय पर वेब सीरीज और फिल्मों में वापसी भी की है. हालांकि, वो ज्यादा समय अपने परिवार की देखरेख में बिताती हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं.
आज लारा दत्ता सिर्फ एक सफल अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि एक प्रेरणादायक महिला भी हैं. उन्होंने यह साबित किया कि मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के दम पर कोई भी व्यक्ति अपने सपनों को साकार कर सकता है. सुष्मिता सेन के बाद मिस यूनिवर्स का खिताब जीतकर उन्होंने भारत की सुंदरता और बुद्धिमत्ता को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दी.
यह भी पढ़ें: Dharmendra Net Worth: 65 साल के फिल्मी करियर में धर्मेंद्र ने कितनी दौलत कमाई? जानें ही-मैन की नेटवर्थ